तालाब बना मौत का कुंड, खेलते-खेलते डूब गया 8 साल का मासूम


 

तालाब बना मौत का कुंड, खेलते-खेलते डूब गया 8 साल का मासूम

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । गर्मी से राहत पाने तालाब में उतरा एक मासूम हमेशा के लिए खामोश हो गया। माधवनगर थाना क्षेत्र के ग्राम जरवाही में सोमवार दोपहर उस समय मातम पसर गया, जब घर के पास स्थित तालाब में नहाने गया 8 वर्षीय बालक गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम जरवाही निवासी रघु कोल दोपहर करीब 2 बजे घर के पास बने तालाब में नहाने पहुंचा था। आसपास अन्य बच्चे भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि खेलते-खेलते वह तालाब के गहरे हिस्से में चला गया। पानी अधिक गहरा होने के साथ नीचे कीचड़ भी थी, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका और देखते ही देखते पानी में डूब गया।

तालाब किनारे मौजूद ग्रामीणों ने जब बच्चे को पानी में लापता होते देखा तो तत्काल बचाव प्रयास शुरू किए। कई लोगों ने तालाब में छलांग लगाकर उसकी तलाश की, लेकिन गहराई और दलदल जैसी कीचड़ के कारण काफी देर तक उसका पता नहीं चल पाया। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने रघु को बाहर निकाला और आनन-फानन में ऑटो से जिला अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद बालक को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीखें सुन माहौल गमगीन हो गया।

सूचना मिलने पर माधवनगर थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है तथा घटना के समय मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post