कटनी बायपास पर भीषण टक्कर, बस का अगला हिस्सा चकनाचूर, 50 यात्रियों की सांसें अटकीं
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :शहर से लगे कटनी बायपास पर सोमवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार यात्री बस और डंफर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा पंसौरा ग्राम पंचायत के पास हुआ, जहां टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि बस में सवार 50 से अधिक यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।
जानकारी के अनुसार पुणे से उत्तर प्रदेश के गोंडा जा रही यात्री बस देर रात कटनी बायपास से गुजर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे डंफर से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए सड़क पर लंबा जाम लग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि बस में बैठे यात्री दहशत में बाहर निकलने लगे। कई यात्रियों को मामूली चोटें और खरोंचें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। गनीमत रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं पहुंची।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया। वहीं यात्रियों को सुरक्षित दूसरे वाहन से उनके गंतव्य के लिए रवाना करने की व्यवस्था भी की गई।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment