कटनी में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज घटना, हथियारों के दम पर बाइक लेकर भागे बदमाश
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी : कटनी जिला मुख्यालय से सटे माधवनगर थाना क्षेत्र में सरेराह लूट की एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पिपरौध से जयंती नगर मार्ग पर बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक को रोककर उसकी मोटरसाइकिल लूट ली और मौके से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से इलाके के वाहन चालकों में भारी दहशत का माहौल है। पीड़ित की शिकायत पर माधवनगर पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर नाकाबंदी शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र पटेल (उम्र 33 वर्ष), पिता बिहारी लाल पटेल, निवासी शंकर जी के मंदिर के पास, ग्राम गैतरा (झिंझरी, माधवनगर) अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक MP 21 ZB 5346 पर सवार होकर पिपरौध से जयंती नगर मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने पीड़ित को जबरन रोक लिया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने युवक को डरा-धमकाकर और हथियारों का भय दिखाकर उसकी मोटरसाइकिल छीन ली। वीरेंद्र ने जब इसका विरोध करने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और बाइक लेकर रफूचक्कर हो गए।
वारदात के बाद बदहवास पीड़ित वीरेंद्र पटेल किसी तरह माधवनगर थाने पहुंचे और पुलिस को आपबीती सुनाई। माधवनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध क्रमांक 466/26 दर्ज किया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 309(6) (जो पूर्व में आईपीसी के तहत डकैती या जबरन वसूली/लूट के गंभीर स्वरूप के लिए लगाई जाती थी) के तहत मुकदमा कायम किया है।

Post a Comment