स्वच्छता के नाम पर आयोजन, लेकिन जिला अस्पताल के पीछे पसरी गंदगी


 

स्वच्छता के नाम पर आयोजन, लेकिन जिला अस्पताल के पीछे पसरी गंदगी

कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस : शहर में एक ओर नगर निगम द्वारा स्वच्छता के नाम पर लगातार आयोजन कर लोगों को सफाई का संदेश दिया जा रहा है, तो वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। नगर निगम कार्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित जिला अस्पताल के पीछे खुले में बड़ी मात्रा में गंदगी पसरी हुई है, जिससे आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है।

इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को बदबू और गंदगी के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खुले में फैला कचरा न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है, बल्कि कई प्रकार की बीमारियों को भी आमंत्रण दे रहा है।

एक ओर जिला कलेक्टर से लेकर नगर निगम के जनप्रतिनिधि और अधिकारी स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े संदेश दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर के कई हिस्सों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। लोगों का कहना है कि केवल आयोजन और प्रचार से शहर साफ नहीं होगा, बल्कि जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था को मजबूत करना आवश्यक है।

नागरिकों ने मांग की है कि टैक्स के रूप में जनता से वसूली जा रही राशि को केवल आयोजनों में खर्च करने के बजाय घर-घर कचरा संग्रहण, नियमित सफाई और कचरा निस्तारण व्यवस्था पर ध्यान दिया जाए, ताकि शहर वास्तव में स्वच्छ बन सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post