बड़वारा बस्ती में मौत बन दौड़ रहे ओवरलोड वाहन, नागरिकों ने प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी

 

बड़वारा बस्ती में मौत बन दौड़ रहे ओवरलोड वाहन, नागरिकों ने प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी


कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस : बड़वारा नगर की सड़कों पर इन दिनों भारी और ओवरलोड वाहनों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बस्ती के भीतर लागू ‘नो-एंट्री’ नियमों को खुलेआम ताक पर रखकर डंपर, ट्रक और भारी ट्राले दिन-रात तेज रफ्तार से गुजर रहे हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल बन गया है। लगातार हो रहे हादसों और प्रशासनिक अनदेखी से परेशान नागरिकों ने अब मोर्चा खोलते हुए तहसीलदार, थाना प्रभारी और यातायात विभाग को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बड़वारा बस्ती का मुख्य मार्ग अत्यंत संकरा होने के बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही लगातार जारी है। इसी रास्ते से प्रतिदिन स्कूल जाने वाले बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग गुजरते हैं, लेकिन तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों के कारण हर पल दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में भी कई दर्दनाक हादसे हो चुके हैं, जिनमें निर्दोष लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन उसके बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई स्थायी व्यवस्था लागू नहीं की।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि ‘नो-एंट्री’ के तय समय में भी भारी वाहन बेधड़क बस्ती के भीतर प्रवेश कर रहे हैं, जिससे साफ जाहिर होता है कि निगरानी व्यवस्था पूरी तरह कमजोर हो चुकी है। नागरिकों ने मांग की है कि बस्ती के प्रवेश और निकास मार्गों पर बड़े और स्पष्ट ‘नो-एंट्री’ बोर्ड लगाए जाएं तथा प्रमुख नाकों पर पुलिस और यातायात अमले की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर सख्त चालानी कार्रवाई करने की भी मांग की गई है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 24 घंटे के भीतर जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई शुरू नहीं हुई तो बड़वारा की जनता उग्र आंदोलन, धरना प्रदर्शन और चक्काजाम करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

यह ज्ञापन जय सूर्यवंशी एवं मिशन 100 शोषितों की आवाज के बैनर तले समस्त पीड़ित एवं जागरूक नागरिकों द्वारा सौंपा गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post