कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ, जिला शाखा कटनी द्वारा कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर माननीय मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव, मध्य प्रदेश शासन के नाम एक ज्ञापन जिला कलेक्टर के माध्यम से सौंपा गया।
संघ के मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि यह ज्ञापन प्रांतीय प्रबंध समिति भोपाल के निर्देशानुसार सौंपा गया है, जिसमें दैनिक वेतनभोगी एवं स्थाई कर्मियों से संबंधित चार प्रमुख मांगें शामिल हैं।
ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रदेश के समस्त विभागों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को स्थाई कर्मी बनाया जाए, स्थाई कर्मियों को सातवें वेतनमान का लाभ प्रदान किया जाए तथा उन्हें नियमित कर शासन के नियमानुसार सभी सुविधाएं दी जाएं। इसके अतिरिक्त आदिम जाति कल्याण विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी दैनिक वेतनभोगी अंशकालीन स्थाई कर्मियों को ई-अटेंडेंस प्रणाली से मुक्त करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
यह ज्ञापन संघ के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके एवं उप प्रांताध्यक्ष अजय गौतम के नेतृत्व में सौंपा गया। इस दौरान संघ के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें मनोज श्रीवास, संदीप गुप्ता, अजीमुद्दीन शाह, मनोज दहिया, नीलेश पौराणिक, भागीरथ तिवारी, बबलू चौधरी, अंजू माली, अर्चना सेन, हरीश बेन, धर्मेंद्र राज, सोहन दहिया, विजय, नीरज पटेल, रुचि विश्वकर्मा, दयाशंकर सहित अन्य शामिल रहे।
संघ ने उम्मीद जताई है कि शासन स्तर पर उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

Post a Comment