पीरबाबा के पास MSW कचरे से प्लॉट भराई का मामला, जांच में खुल सकते हैं कई राज?
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । नगर पालिका निगम कटनी द्वारा शहर से घर-घर कचरा एकत्रित करने के लिए निजी एजेंसी MSW को हर माह भारी-भरकम राशि का भुगतान किया जा रहा है। वर्षों से संचालित इस व्यवस्था के बीच अब एक गंभीर सवाल खड़ा हो गया है—क्या शहर से एकत्रित किया गया कचरा अब निजी प्लॉटों की भराई के लिए उपयोग में लाया जा रहा है?
ताज़ा मामला पीरबाबा के समीप सामने आया है, जहां एक खाली प्लॉट में MSW द्वारा लाए गए कचरे से भराई और लेवलिंग का कार्य किया जा रहा है? स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां बड़ी मात्रा में कचरा डाला जा रहा है, जिससे आसपास रहने वाले नागरिकों और राहगीरों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है। दुर्गंध और गंदगी के चलते संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी जताया जा रहा है।
सूत्रों की मानें तो यह काम केवल एक स्थान तक सीमित नहीं है। बताया जा रहा है कि शहर के कई खाली प्लॉटों में रात्रि के अंधेरे में कचरा डालकर उन्हें भरा और समतल किया जा रहा है। यदि यह तथ्य सही साबित होते हैं, तो यह न केवल पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन है, बल्कि नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि पूरे मामले में नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी बनी हुई है। इस खामोशी को लेकर मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है। यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में शहर के कई खाली प्लॉट कचरे के ढेर में तब्दील होते नजर आ सकते हैं।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या जांच के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई होती है या नहीं।
कटनी संवाददाता :9977535212
8989601972

Post a Comment