कोतवाली से कुछ दूरी पर खूनी खेल की तैयारी, समय रहते टली बड़ी वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल: चौपाटी पर चाकूबाजी का वीडियो वायरल


 कोतवाली से कुछ दूरी पर खूनी खेल की तैयारी, समय रहते टली बड़ी वारदात


सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल: चौपाटी पर चाकूबाजी का वीडियो वायरल


कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस/आशीष चौधरी : जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। चाकूबाजी, मारपीट और चोरी जैसी घटनाओं के बीच अब शहर के सबसे संवेदनशील माने जाने वाले क्षेत्र में हुई एक घटना ने पुलिस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर नई बहस छेड़ दी है। शुक्रवार को कोतवाली थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित चौपाटी क्षेत्र में कुछ युवकों को हाथों में चाकू लेकर एक-दूसरे के पीछे दौड़ते हुए देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थिति कुछ देर के लिए बेहद तनावपूर्ण हो गई थी और यदि समय रहते हस्तक्षेप नहीं होता तो कोई बड़ी वारदात घट सकती थी।


स्थानीय लोगों ने बताया कि चौपाटी जैसे सार्वजनिक स्थल पर असामाजिक तत्वों का इस तरह खुलेआम चाकू लेकर घूमना और हमला करने की मंशा से दौड़ना आम नागरिकों में भय का माहौल पैदा करता है। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित हुई और संभावित बड़ी घटना टल गई।


इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो आसपास मौजूद लोगों के मोबाइल कैमरों में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त की प्रभावशीलता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।


स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ कम होता जा रहा है। कोतवाली थाना क्षेत्र में बीते कुछ समय के दौरान चोरी, मारपीट और चाकूबाजी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ सप्ताह पूर्व मोबाइल दुकान में हुई चोरी की बड़ी वारदात भी चर्चा में रही थी, जिसके आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से दूर बताए जा रहे हैं।


नागरिकों का आरोप है कि लगातार सामने आ रही घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाते नहीं दिखाई दे रहे। यही कारण है कि लोगों के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ रही है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता गहराती जा रही है।


शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल चौपाटी पर हुई इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल वायरल वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग पुलिस से कड़ी कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post