थाना प्रभारी राजेन्द्र मिश्रा सेवानिवृत्त, कटनी पुलिस परिवार ने गरिमामय समारोह में दी विदाई

थाना प्रभारी राजेन्द्र मिश्रा सेवानिवृत्त, कटनी पुलिस परिवार ने गरिमामय समारोह में दी विदाई



कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :कटनी पुलिस परिवार द्वारा आज दिनांक 30 मई 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम, कटनी में माह मई 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक  राजेन्द्र मिश्रा के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक कटनी  अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित जिले के पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त अधिकारी के परिजन उपस्थित रहे।


अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक  ने निरीक्षक श्री राजेन्द्र मिश्रा के दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं जनसेवा के उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। उनके अनुभव एवं कार्यशैली से वर्तमान पुलिस बल को प्रेरणा मिलती रहेगी। उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवानिवृत्त अधिकारी के अनुभवों से सीख लेकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया।


निरीक्षक  राजेन्द्र मिश्रा ने दिनांक 07 जनवरी 1983 को पुलिस विभाग में अपनी सेवायात्रा प्रारंभ की थी। लगभग चार दशकों से अधिक के सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए अपराध नियंत्रण, कानून- व्यवस्था संधारण तथा जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी नेतृत्व क्षमता, कार्यकुशलता एवं समर्पण विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहे हैं।


विदाई समारोह के दौरान निरीक्षक  राजेन्द्र मिश्रा ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए तथा पुलिस विभाग में बिताए गए समय को अपने जीवन की अमूल्य धरोहर बताया। उनके अनुभवों को उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अत्यंत रुचि एवं सम्मान के साथ सुना।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  संतोष डेहरिया ने सेवानिवृत्त अधिकारी को शुभकामनाएं देते हुए आश्वस्त किया कि पुलिस परिवार भविष्य में भी उनके साथ खड़ा रहेगा तथा हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।


समारोह के अंत में पुलिस परिवार द्वारा निरीक्षक श्री राजेन्द्र मिश्रा का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post