शनि मंदिर के पास तेज रफ्तार ऑटो का कहर, युवक लहूलुहान
आरोपी चालक को वाहन सहित छोड़ने के आरोप, कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :शहर में सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामलों के बीच अब पुलिस की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आती दिखाई दे रही है। ताजा मामला शनि मंदिर के समीप का है, जहां एक ऑटो चालक ने कथित रूप से नशे की हालत में राहगीर गोपी साहू को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी ऑटो चालक को पकड़ लिया और वाहन सहित कोतवाली थाना ले गए। आरोप है कि चालक शराब के नशे में था और ठीक से खड़ा तक नहीं हो पा रहा था। इसके बावजूद पुलिस ने उसका चिकित्सीय परीक्षण कराने के बजाय उसे ऑटो सहित छोड़ दिया।
हीरागंज निवासी शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुलिस ने पूरे मामले में आरोपी को बचाने का प्रयास किया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि एफआईआर में आरोपी चालक का नाम दर्ज करने के बजाय अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण कायम कर लिया गया। इससे पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पीड़ितों का आरोप है कि कोतवाली में पदस्थ पुलिस कर्मी अखंड प्रताप सिंह द्वारा आरोपी को राहत दी गई, जबकि स्थानीय लोगों ने उसे मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है और निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।यह पूरी घटना शुक्र वार देर रात्रि की बताई जा रही है
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो शहर में ऐसे हादसे लगातार बढ़ते रहेंगे। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी चालक एवं लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाए।

Post a Comment