*NEET पेपर लीक पर एनएसयूआई का अनोखा प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग*
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET में कथित पेपर लीक मामले को लेकर राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) द्वारा कचहरी चौक पर अनोखे अंदाज़ में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राहगीरों को प्रतीकात्मक रूप से झालमुड़ी बांटकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
प्रदेश सचिव अजय खटिक के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में छात्रों ने डॉक्टर की वेशभूषा पहनकर, हाथों में डिग्री और तख्तियां लेकर ठेले में झालमुड़ी बेचते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शन के माध्यम से छात्रों ने आरोप लगाया कि वर्तमान व्यवस्था में शिक्षित युवाओं को रोजगार के अभाव में छोटे-मोटे कार्य करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार के कार्यकाल में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले सात वर्षों में देशभर में कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक हुए हैं और लगभग 23 लाख छात्रों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने केंद्र सरकार से शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश जैन, कमल पांडेय, आनंद पटेल, राकेश गुड्डू द्विवेदी, विनीत जयसवाल, सेवादल अध्यक्ष मंगल सिंह, चोखे भाई, शशांक गुप्ता, सूर्यकांत कुशवाहा, अभिषेक प्यासी, प्रिंस वंशकार, देवी दीन गुप्ता, राहुल पटेरिया, कपिल रजक, विजय मंगल चौधरी, अवध यादव, राघवेंद्र सिंह, प्रिंस गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, नारायण निषाद, संदीप हाड़ा, सौरभ पांडेय, शैख शाहिद, बिट्टन तिवारी सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे

Post a Comment