अधिकारियों की मेहरबानी से फल-फूल रहा “खरीदी सिंडिकेट”!
एक ही व्यक्ति के इशारे पर कई केंद्र संचालित, गुर्गों के नाम पर हो रही समर्थन मूल्य खरीदी
कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी : जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी व्यवस्था पर अब गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। आरोप है कि एक व्यक्ति विशेष ने जिले के कई खरीदी केंद्रों पर अपना अप्रत्यक्ष कब्जा जमा रखा है और अपने करीबी लोगों व गुर्गों के नाम पर खरीदी संचालन कराया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार समर्थन मूल्य खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता केवल कागजों तक सीमित होकर रह गई है। जिले के कई केंद्रों में वही चेहरे सक्रिय दिखाई दे रहे हैं, जिनका सीधा संबंध उक्त व्यक्ति विशेष से बताया जा रहा है। आरोप यह भी है कि अधिकारियों की मिलीभगत के चलते इस व्यक्ति को खुली छूट मिली हुई है, जिसके कारण वह पर्दे के पीछे रहकर पूरे सिस्टम को संचालित कर रहा है।
जानकारों की मानें तो चाहे धान खरीदी हो या गेहूं उपार्जन, इस व्यक्ति की भूमिका कई केंद्रों में प्रभावशाली बनी रहती है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा आम है कि बिना उसके इशारे के कई केंद्रों में काम तक नहीं होता। यही कारण है कि छोटे ऑपरेटर और वास्तविक पात्र लोग सिस्टम से बाहर होते जा रहे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर एक ही व्यक्ति का प्रभाव इतने बड़े स्तर पर कैसे बना हुआ है? यदि नियमों के अनुसार खरीदी केंद्र संचालित हो रहे हैं, तो फिर एक ही समूह के लोगों की सक्रियता बार-बार क्यों सामने आ रही है?
बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति को कई बार जिम्मेदार अधिकारियों के साथ निरीक्षण और भ्रमण के दौरान भी देखा गया है। इससे प्रशासनिक निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि पूरे मामले में अब तक किसी अधिकारी की ओर से स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इधर किसानों के बीच भी नाराजगी बढ़ती जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि खरीदी व्यवस्था कुछ लोगों के इशारों पर चलेगी, तो पारदर्शिता और निष्पक्षता केवल दिखावा बनकर रह जाएगी। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराता है या फिर मामला यूं ही फाइलों में दबकर रह जाएगा।
न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस,आने वाली खबरों मे जल्दी ही उस व्यक्ति विशेष का नाम उजागर किया जावेगा
कटनी संवाददाता:8989601972

Post a Comment