एम्बुलेंस चालक से मारपीट, जान से मारने की धमकी


 

एम्बुलेंस चालक से मारपीट, जान से मारने की धमकी

कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस : कोतवाली थाना क्षेत्र में एक एम्बुलेंस चालक के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह वर्तमान में भट्टा मोहल्ला चौबे वार्ड स्थित राम मंदिर के पास मनीष यादव के मकान में किराये से रहता है और एम्बुलेंस चालक का कार्य करता है। पीड़ित के अनुसार 8 मई 2026 की रात करीब 12:45 बजे शासकीय अस्पताल कटनी के सामने भट्टा मोहल्ला निवासी शक्ति मिला। इस दौरान वह एक मरीज को जबलपुर ले जाने की बात करने लगा।

पीड़ित ने बताया कि उसने आरोपी से कहा कि मरीज उसके परिचित हैं और उन्हें शासकीय अस्पताल कटनी में ही भर्ती करा दिया जाए। इसी बात को लेकर आरोपी आगबबूला हो गया और मां-बहन की गंदी गालियां देने लगा। जब पीड़ित ने गाली देने से मना किया तो आरोपी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। मारपीट में पीड़ित के बाएं गाल और कान में चोट आई है, जिससे दर्द बना हुआ है।

घटना के दौरान पीड़ित का भाई शिवा कोल एवं राजा दुबे मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। शिकायतकर्ता के अनुसार जाते-जाते आरोपी ने दोबारा बात न मानने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।

कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर  BNS की धारा 296(b), 115(2),351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





खबरों के लिए सम्पर्क :8989601972

Post a Comment

Previous Post Next Post