भटगवां में होने जा रहा था बाल विवाह, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रुकवाया

 भटगवां में होने जा रहा था बाल विवाह, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रुकवाया

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस


कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस:   समाज में बाल संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की दिशा में थाना उमरियापान पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए ग्राम भटगवां में होने जा रहे एक नाबालिग बालिका के बाल विवाह को समय रहते रुकवा दिया। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 मई 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम भटगवां में 15 वर्षीय बालिका का विवाह कराया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए माननीय न्यायालय जेएमएफसी ढीमरखेड़ा द्वारा भी जांच के निर्देश जारी किए गए थे। सूचना मिलते ही उमरियापान पुलिस टीम तत्काल गांव पहुंची और मामले की जांच प्रारंभ की।

पुलिस अधिकारियों ने बालिका के माता-पिता एवं परिजनों को बाल विवाह निषेध अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए समझाइश दी कि नाबालिग बालिका का विवाह कराना कानूनन अपराध है। साथ ही यह भी बताया गया कि कम उम्र में विवाह होने से बालिका के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

पुलिस की समझाइश का सकारात्मक असर देखने को मिला और परिजनों ने विवाह कार्यक्रम तत्काल स्थगित कर दिया। परिवार ने यह आश्वासन भी दिया कि बालिका के बालिग होने के बाद ही विधिसम्मत तरीके से विवाह संपन्न कराया जाएगा।

उमरियापान पुलिस की त्वरित एवं मानवीय कार्रवाई ने न केवल एक बालिका के भविष्य को सुरक्षित किया, बल्कि समाज में जागरूकता का भी संदेश दिया है। क्षेत्रीय नागरिकों ने पुलिस की इस पहल को सराहनीय बताते हुए इसे सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post