सम्मान के साथ संगठन विस्तार: सेवानिवृत्त अधीक्षक का अभिनंदन, संदीप गुप्ता बने जिला उपाध्यक्ष
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ जिला शाखा कटनी द्वारा रविवार को रेस्ट हाउस सिविल लाइन में आयोजित संयुक्त बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ सम्मान और नियुक्ति का कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह बैठक मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ एवं मध्य प्रदेश स्थाई कर्मी संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई।
संघ के जिलाध्यक्ष पूर्णेश उइके एवं मीडिया प्रभारी अनिल पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक के दौरान अधीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए श्री एम.एल. अहिरवार का संघ द्वारा फूलमाला पहनाकर, शाल-श्रीफल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित सदस्यों ने उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसी अवसर पर कलेक्टर कार्यालय कटनी के राजस्व विभाग में पदस्थ कर्मचारी संदीप गुप्ता को संघ का जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। उनकी नियुक्ति पर बैठक में मौजूद पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए हर्ष व्यक्त किया।
बैठक में संघ की जिला कार्यकारिणी द्वारा कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई। विशेष रूप से संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण को लेकर निर्णय लिया गया कि इसी माह एक ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित कर शासन-प्रशासन तक मांगें पहुंचाई जाएंगी।
कार्यक्रम में उप प्रांताध्यक्ष अजय गौतम, जिला महामंत्री मनोज श्रीवास, संगठन सचिव अजीमुद्दीन शाह, मनोज दहिया, उपाध्यक्ष नीलेश पौराणिक, संभागीय संगठन सचिव बाबूलाल अहिरवार, विभागीय समिति अध्यक्ष भगीरथ तिवारी, स्थाई कर्मी संघ के अध्यक्ष बबलू चौधरी, सचिव अंजू माली, महिला उपाध्यक्ष अर्चना सेन सहित हरीश बेन, रामवतार विश्वकर्मा, दद्दू, अभय तिवारी, मनोज डेंगरे सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

Post a Comment