इंद्रा नगर बारात कांड को लेकर कलेक्टर कार्यालय के बाहर उग्र प्रदर्शन, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस
शहर के इंद्रा नगर में बारात के दौरान हुई कथित पुलिस मारपीट की घटना ने अब तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय के बाहर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गर्म रहा और पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए गए।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बारात के दौरान पुलिसकर्मियों एवं सादे कपड़ों में मौजूद उनके सहयोगियों द्वारा बेवजह मारपीट की गई, जिससे आम नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल बना है। इसी के विरोध में विभिन्न सामाजिक संगठनों ने एकजुट होकर धरना दिया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में अजाक्स, भीम आर्मी, ओबीसी महासभा, भारतीय युवा शक्ति, बिरसा मुंडा आदिवासी महासभा, जयस तथा गोंडवाना सामाजिक उत्थान समिति सहित अन्य संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के समापन पर शाम 5 बजे संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा जावेगा , जिसमें घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
इस पूरे घटनाक्रम ने जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर बहस छेड़ दी है, वहीं प्रशासन के सामने अब स्थिति को संतुलित करने की चुनौती खड़ी हो गई है।
खबरों के लिए सम्पर्क करे
9977535212
8989601972

Post a Comment