आधी रात आग का तांडव: शॉर्ट सर्किट के बाद सिलेंडर विस्फोट से दहला बासन, गृहस्थी राख


 

आधी रात आग का तांडव: शॉर्ट सर्किट के बाद सिलेंडर विस्फोट से दहला बासन, गृहस्थी राख

कटनी/बहोरीबंद। बहोरीबंद जनपद की ग्राम पंचायत बासन में सोमवार देर रात एक भयावह अग्निकांड ने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया। शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई आग ने कुछ ही देर में रौद्र रूप धारण कर लिया और फिर घरेलू गैस सिलेंडर के विस्फोट ने तबाही को और बढ़ा दिया। धमाके की गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी, जबकि मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर ढह गया।

जानकारी के अनुसार बासन निवासी रज्जू यादव के घर में रात करीब 2 बजे विद्युत शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने पूरे मकान को अपनी गिरफ्त में ले लिया। आग के बीच घर में रखा एलपीजी सिलेंडर फट गया, जिससे मकान को भारी क्षति पहुंची और घर का अधिकांश सामान मलबे में तब्दील हो गया।

हादसे के समय परिवार के सदस्य भीषण गर्मी के कारण घर के बाहर सो रहे थे। इसी वजह से सभी लोग सुरक्षित बच गए और जनहानि नहीं हुई। हालांकि घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घर में रखा अनाज, कपड़े, जरूरी दस्तावेज और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार पीड़ित परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। गांव में इस हादसे को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग इसे बड़े हादसे से बाल-बाल बचने की घटना मान रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post