"हत्या, हादसा या लापरवाही? कटनी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर घंटों पड़ा रहा महिला का शव"


 

"हत्या, हादसा या लापरवाही? कटनी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर घंटों पड़ा रहा महिला का शव"



कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । कटनी रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर एक अज्ञात महिला का शव मिलने से यात्रियों और रेल कर्मचारियों के बीच सनसनी फैल गई। सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि व्यस्त प्लेटफॉर्म पर शव कई घंटों तक पड़ा रहा, जिसके चलते रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार,गुरु वार को महिला का शव प्लेटफॉर्म नंबर-2 के जबलपुर छोर स्थित ओवरब्रिज के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में देखा गया। सुबह के समय यात्रियों की नजर शव पर पड़ते ही इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई। इसके बाद भी मौके पर कार्रवाई अपेक्षित गति से नहीं हो सकी।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सुबह लगभग 6 बजे ही अधिकारियों को घटना की जानकारी मिल चुकी थी, लेकिन करीब 11 बजे तक शव वहीं पड़ा रहा। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर आने-जाने वाले यात्रियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।

घटना ने कई गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। रेलवे स्टेशन जैसे अत्यंत संवेदनशील और व्यस्त सार्वजनिक स्थल पर सूचना मिलने के बाद भी त्वरित कार्रवाई क्यों नहीं की गई? यदि अधिकारियों को समय रहते जानकारी मिल गई थी, तो शव को हटाने और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू करने में इतना विलंब क्यों हुआ?

फिलहाल महिला की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। वहीं, घटना के बाद रेलवे प्रशासन, जीआरपी और अन्य संबंधित एजेंसियों की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई है। यात्रियों का कहना है कि ऐसे मामलों में तत्परता और संवेदनशीलता दोनों की आवश्यकता होती है, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार की स्थिति लंबे समय तक न बनी रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post