कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । माधवनगर थाना क्षेत्र की झिंझरी चौकी पुलिस ने कट्टे की नोक पर मोटरसाइकिल लूट की वारदात को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 21 मई 2026 को फरियादी ने झिंझरी चौकी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने पिता के साथ मोटरसाइकिल से बढ़ईगिरी के कार्य के लिए ग्राम गैतरा से धरमपुरा जा रहा था। सुबह करीब 5:45 बजे पिपरौंध से जयंतीनगर मार्ग पर लगभग 250 मीटर आगे बढ़ने पर रास्ते में दो अज्ञात व्यक्तियों ने हाथ फैलाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया। आरोपियों में से एक के हाथ में कट्टा जैसा हथियार था।
फरियादी ने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल निकालने का प्रयास किया, तभी एक आरोपी ने उसके पिता का हाथ पकड़कर खींच लिया, जिससे वे सड़क पर गिर गए। इसके बाद दोनों आरोपियों ने फरियादी को रोककर उसके सिर पर कट्टा अड़ा दिया और मोटरसाइकिल से उतरने के लिए धमकाया। भयभीत फरियादी के उतरते ही दोनों आरोपी उसकी मोटरसाइकिल लेकर जबलपुर-कटनी हाईवे की ओर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए माधवनगर थाना में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश कुमार दुबे के नेतृत्व में झिंझरी पुलिस ने हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज तथा साइबर सेल कटनी की सहायता से आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर गठित टीम ने मुख्य आरोपी मनराज उर्फ मनमोहित सिंह (35 वर्ष), पिता रजिंद्र सिंह, निवासी मीराकोट, थाना कम्बो, जिला अमृतसर (पंजाब) को 24 जून 2026 को अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अभिरक्षा में लेकर कटनी लाया गया और न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस का कहना है कि लूट की वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment