सूने घर में चोरों का धावा, 65 हजार नकद सहित जेवरात और अनाज चोरी


 

सूने मकान पर चोरों का धावा, नगदी-जेवरात के साथ अनाज और कुकर भी ले गए

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :जिले के ग्रामीण अंचलों में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पाली का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर हजारों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषणों सहित घरेलू उपयोग का सामान भी चोरी कर लिया। हैरानी की बात यह रही कि चोर घर में रखा अनाज और रसोई का प्रेशर कुकर तक अपने साथ ले गए।

जानकारी के अनुसार ग्राम पाली निवासी ललिता मेहरा अपने परिवार के साथ किसी काम से घर से बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरे घर की तलाशी ली। चोरों ने कमरों एवं अलमारी के ताले तोड़कर वहां रखी लगभग 65 हजार रुपये की नकदी तथा सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।

वारदात यहीं तक सीमित नहीं रही। बदमाश घर में रखे चावल, गेहूं और रसोई में उपयोग होने वाला प्रेशर कुकर भी अपने साथ ले गए। जब परिवार वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे का टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में चोरी की वारदात सुनियोजित प्रतीत हो रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने पहले घर की रेकी की होगी और मकान सूना मिलने पर घटना को अंजाम दिया।

ढीमरखेड़ा थाना पुलिस ने फरियादिया की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस संभावित संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post