जीतू पटवारी पर टिप्पणी के विरोध में सड़कों पर उतरी कांग्रेस, कार्रवाई की मांग तेज
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । सोमवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर कटनी में कचहरी चोरहे मे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध दर्ज कराया। जिला कांग्रेस कमेटी शहर के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और शालीनता बनाए रखना लोकतंत्र की मूल भावना है। नेताओं का आरोप था कि जनहित के मुद्दों पर मुखर भूमिका निभाने वाले नेताओं को निशाना बनाकर राजनीतिक स्तर गिराने का प्रयास किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद राजमणि पटेल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वस्थ राजनीतिक संवाद की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग न केवल व्यक्ति विशेष का अपमान है, बल्कि लोकतांत्रिक परंपराओं को भी आहत करता है।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि पार्टी अपने नेताओं के सम्मान और कार्यकर्ताओं के स्वाभिमान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इसे पूरे कांग्रेस संगठन के सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए कहा कि कांग्रेसजन लोकतांत्रिक और गांधीवादी तरीकों से अपना विरोध जारी रखेंगे।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
वही आप को बता दे उक्त बयान के बाद पूरे प्रदेश मे विरोध प्रदर्शन का दौर शुरू हो गया है

Post a Comment