मोहर्रम से पहले सीवर लाइन कार्य और सड़कों की मरम्मत की मांग*
कटनी। ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के अध्यक्ष अहमद कुरैशी ने नगर निगम आयुक्त को पत्र सौंपकर शहर में चल रहे सीवर लाइन कार्य को शीघ्र पूरा कराने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है।
अहमद कुरैशी ने बताया कि आगामी 12 दिनों बाद मुस्लिम समुदाय का प्रमुख पर्व मोहर्रम प्रारंभ होने जा रहा है। यह पर्व वर्षा ऋतु के दौरान मनाया जाएगा, जिसमें अलम जुलूस, ताजिया शरीफ एवं सवारियों के कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। ऐसे में सीवर लाइन कार्य के कारण खोदी गई सड़कों और खराब मार्गों से श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने जिला कलेक्टर एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी आवेदन देकर जुलूस मार्गों का निरीक्षण कराने और वहां झूल रहे बिजली के तारों को व्यवस्थित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में झूलते बिजली तार हादसों का कारण बन सकते हैं, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कार्य जल्द पूरा कराया जाए।
कुरैशी ने प्रशासन से मोहर्रम पर्व को देखते हुए सीवर लाइन कार्य, सड़क मरम्मत और विद्युत व्यवस्था से संबंधित सभी जरूरी कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने की अपील की है।

.jpg)
Post a Comment