रीठी के जमीन विवाद में नया मोड़: पीड़ित परिवार ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल, एसपी से लगाई न्याय की गुहार
कप्तान की सख्ती बेअसर! रीठी पुलिस की मनमानी से आमजन परेशान
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :रीठी थाना क्षेत्र के अमगवां गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष का मामला अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंच गया है। घटना के लगभग दो माह बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार अप्रैल माह में जमीन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। विवाद इतना बढ़ा कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। घटना में कई लोगों को चोटें आई थीं। मामले में रीठी पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की थी।
हालांकि अब घायल पक्ष के रामकुमार कुशवाहा अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत सौंपकर पुलिस जांच पर आपत्ति जताई है। उनका आरोप है कि घटना में उनके परिवार के सदस्यों को गंभीर चोटें आई थीं, इसके बावजूद पुलिस ने तथ्यों की गहराई से जांच किए बिना दोनों पक्षों पर समान रूप से मामला दर्ज कर दिया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और घटनास्थल की परिस्थितियों का समुचित मूल्यांकन नहीं किया गया। वहीं परिवार की एक युवती ने आरोप लगाया कि उसका भाई घटना के समय मौके पर मौजूद ही नहीं था, फिर भी पुलिस उसे घर से थाने ले गई और उसके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कर दिया गया।
परिवार का आरोप है कि निर्दोष लोगों को आरोपी बनाया गया है, जबकि वास्तविक दोषियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से उन्होंने पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा से पूरे मामले की निष्पक्ष और पुनः जांच कराने की मांग की है।
अब यह मामला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने के बाद चर्चा का विषय बन गया है। शिकायत के आधार पर आगे क्या जांच होती है और पुलिस प्रशासन क्या निर्णय लेता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Post a Comment