एनकेजे थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाश: हाईवे पर युवक को पीटकर बाइक और मोबाइल लूट ले गए
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । जिला मुख्यालय से सटे एनकेजे थाना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नेशनल हाईवे पर दिन-ब-दिन सक्रिय हो रहे बदमाश अब राह चलते लोगों को निशाना बनाने से भी नहीं हिचक रहे। ताजा मामला गाताखेड़ा स्थित नर्मदा वेयरहाउस के पास सामने आया, जहां तीन अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को रोककर न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की बल्कि उसकी मोटरसाइकिल और महंगा मोबाइल फोन भी लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, हीरापुर कोड़िया निवासी अभिषेक रजक (23) बीते 9 जून की रात करीब 7:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल से गाताखेड़ा की ओर जा रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे तीन अज्ञात युवकों ने रास्ता रोक लिया। युवक कुछ समझ पाता उससे पहले ही तीनों आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
बताया गया कि मारपीट के बाद आरोपियों ने युवक को जान से मारने की धमकी दी और उसका सामान छीन लिया। आरोपी पीड़ित का करीब 22 हजार रुपये कीमत का विवो मोबाइल और करीब 90 हजार रुपये कीमत की पैशन प्रो मोटरसाइकिल (MP 21 MR 1887) लूटकर मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बताया जा रहा है।
घटना के बाद पीड़ित ने एनकेजे थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 307/26 दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
लगातार सामने आ रही वारदातों ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि आखिर हाईवे और थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो रहे हैं।

Post a Comment