*चाकू बाजी* *कटनी में कपड़ा व्यापारी पर चाकू से हमला, पहले दी गई शिकायत पर कार्रवाई न होने का आरोप* |


*चाकू बाजी*


*कटनी में कपड़ा व्यापारी पर चाकू से हमला, पहले दी गई शिकायत पर कार्रवाई न होने का आरोप*




कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :कटनी जिले के रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में एक कपड़ा व्यापारी पर हुए चाकू हमले ने कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घायल व्यापारी मोहम्मद हनीफ (57 वर्ष) ने आरोप लगाया है कि यदि उनकी पूर्व शिकायत पर समय रहते कार्रवाई की गई होती, तो आज उन्हें इस गंभीर घटना का सामना नहीं करना पड़ता।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद हनीफ करीब तीन माह पहले अपनी शिकायत लेकर रंगनाथ नगर थाना पहुंचे थे। उनका कहना है कि कुछ लोगों द्वारा लगातार विवाद और धमकी दी जा रही थी, जिसकी जानकारी पुलिस को दी गई थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।


पीड़ित ने बताया की गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे जब मोहम्मद हनीफ अपने गोदाम से घर लौट रहे थे, तभी घर के पास आरोपी कुनाल वंशकार ने कथित रूप से उन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल अवस्था में उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि हमले से पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले मिली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाता तो हालात यहां तक नहीं पहुंचते।

वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी होने की बात कही है। मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है।


गौरतलब है कि एक-दो दिन पूर्व ही डन कॉलोनी क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन लूट की वारदात सामने आई थी। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से क्षेत्रवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। दिन के उजाले में अपराधियों द्वारा बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देना इस बात का संकेत है कि बदमाशों में पुलिस का खौफ कम होता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रभावी पुलिस गश्त और सख्त कार्रवाई के अभाव में क्षेत्र में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है।


Post a Comment

Previous Post Next Post