नाले पर कब्जे का खामियाजा भुगत रहा बिरसा मुंडा वार्ड, दुकानों में भर रहा गंदा पानी; निगम से कार्रवाई की गुहार
कटनी। बारिश की दस्तक के साथ ही शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आने लगी है। नगर पालिक निगम मुड़वारा अंतर्गत बिरसा मुंडा वार्ड क्रमांक-02 पुरैनी में नाले पर किए गए अतिक्रमण ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों की परेशानी बढ़ा दी है। नाले की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने और जगह-जगह अवैध कब्जों के कारण पानी निकासी बाधित हो रही है, जिसका सीधा असर दुकानदारों और आम नागरिकों पर पड़ रहा है।
थाना कुठला से लेकर पुरानी सब्जी मंडी तक जाने वाले मुख्य नाले की स्थिति को लेकर वार्डवासियों ने नगर निगम आयुक्त को शिकायत सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाले की जमीन पर अतिक्रमण के चलते बारिश का पानी रुक जाता है और गंदा पानी सड़कों से होते हुए दुकानों तक पहुंच रहा है।
जलभराव से कारोबार प्रभावित, सामान हो रहा खराब
व्यापारियों का कहना है कि नाले में पानी निकासी नहीं होने से दुकानों में गंदा पानी घुस जाता है। इससे दुकान का सामान, फर्नीचर सहित अन्य सामग्री खराब होने का खतरा बना रहता है। कई बार ऐसी स्थिति निर्मित हो चुकी है, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
अतिक्रमण हटाने की उठी मांग
वार्डवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि नाले की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर उसकी विधिवत सफाई कराई जाए। लोगों ने कहा कि कार्रवाई किसी दबाव या भेदभाव के बिना होनी चाहिए, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
अब देखना होगा कि शिकायत के बाद नगर निगम प्रशासन इस गंभीर समस्या को कितनी जल्दी संज्ञान में लेकर ठोस कार्रवाई करता है या फिर हर साल की तरह बारिश के मौसम में रहवासी और व्यापारी जलभराव की समस्या से जूझते रहेंगे।
Post a Comment