राज्यसभा नामांकन विवाद पर कांग्रेस का उग्र विरोध, कचहरी चौराहे पर फूंका पुतला
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :राज्यसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीति में बढ़े विवाद की गूंज अब कटनी तक पहुंच गई है। मध्यप्रदेश कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं राज्यसभा प्रत्याशी श्रीमती मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को शहर के कचहरी चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए भाजपा का पुतला दहन किया।
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल खान के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करने तथा विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसजनों ने नारेबाजी करते हुए नामांकन निरस्तीकरण को लोकतंत्र के लिए चिंताजनक बताया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की भागीदारी और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है। यदि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते ऐसे कदम उठाए जाते हैं तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने वाला संदेश देता है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रखने की बात भी कही।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला, ग्रामीण अध्यक्ष कुंवर सौरभ सिंह, महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित कांग्रेस संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कुछ देर के लिए कचहरी चौराहा राजनीतिक नारों और विरोध प्रदर्शन का केंद्र बना रहा।

Post a Comment