कटनी :लमतरा ब्रिज़ समीप ओवरलोड हाइवा MP 21H2099 ने बस MP19P0347 को मारी टक्कर, नवविवाहिता समेत तीन की मौत

 

लमतरा ब्रिज़ समीप  ओवरलोड हाइवा MP 21H2099 ने बस MP19P0347 को मारी टक्कर, नवविवाहिता समेत तीन की मौत




कटनी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :कुठला थाना क्षेत्र के लमतरा ब्रिज के समीप रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। विजयराघवगढ़ की ओर से आ रही एक यात्री बस और ओवरलोड हाइवा की टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही एक महिला सहित तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 26 से अधिक यात्री घायल हो गए।घटना कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद बस सड़क किनारे पलट गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही कुठला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए परिवहन विभाग ने भी तत्काल सख्त कार्रवाई की है। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पाल ने हादसे में शामिल यात्री बस क्रमांक MP 19 P 0347 और ओवरलोड हाइवा क्रमांक MP 21 H 2099 के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र एवं परमिट तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए हैं।वही सूत्रों की माने तो उक्त बस आर्यन ट्रेवल्स की बताई जा रही है 

परिवहन विभाग द्वारा बस मालिक पंकज गुप्ता, निवासी मसुरहा वार्ड, घंटाघर रोड तथा हाइवा मालिक अनिल कुमार सुहाने, निवासी बाल गंगाधर वार्ड क्रमांक-4, पन्ना मोड़ रिलायंस पेट्रोल पंप के पास को आदेश जारी कर मूल फिटनेस प्रमाण पत्र एवं परमिट आरटीओ कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही बस और हाइवा दोनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब हादसे के कारणों और जिम्मेदारों की भूमिका की जांच की जा रही है। जिले में इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद परिवहन व्यवस्था और ओवरलोड वाहनों की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post