कोतवाली पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल: स्टेशन शराब दुकान पर कट्टा लहराया, हवाई फायरिंग की चर्चा से फैली दहशत
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :शहर के मुख्य रेलवे स्टेशन क्षेत्र स्थित शराब दुकान के पास हुई एक सनसनीखेज घटना ने कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार एक युवक ने शराब दुकान के कर्मचारियों को कथित तौर पर कट्टा दिखाकर धमकाया। घटना के दौरान हवाई फायरिंग होने की भी चर्चा है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि घटना रेलवे स्टेशन जैसे अतिसंवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई, जहां दिनभर यात्रियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे स्थान पर हथियार लहराने और फायरिंग की सूचना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोतवाली थाना क्षेत्र के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की नियमित मौजूदगी दिखाई देती है, लेकिन इतनी बड़ी घटना के दौरान पुलिस मौके पर नजर नहीं आई। इससे पुलिस की सतर्कता और गश्त व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि आधिकारिक तौर पर फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के बीच इसकी चर्चा बनी हुई है। वहीं खबर लिखे जाने तक आरोपी युवक पुलिस गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है।

Post a Comment