सौरभ सोमकुवर और शिवबहादुर सोनी 360 लीटर अवैध शराब के साथ गिरफ्तार, कार समेत माल जब्त
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । कुठला थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 360 लीटर देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 पेटी शराब और परिवहन में प्रयुक्त कार सहित कुल 6 लाख रुपये का माल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 19 जून की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक ग्रे रंग की कार क्रमांक MP20ZK-0581 में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर शाहनगर की ओर से लाई जा रही है। सूचना के आधार पर इंद्रानगर पुल के पास नाकाबंदी की गई। पुलिस को देखकर कार चालक वाहन मोड़कर भागने लगा, जिसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर खडौला-अलोनी नदी पुल के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
कार से उतरकर भागने का प्रयास कर रहे दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम सौरभ सोमकुवर (32 वर्ष), निवासी आजाद नगर गोकलपुर, जबलपुर तथा शिवबहादुर सोनी (28 वर्ष), निवासी रामनगर दुर्गा मंदिर के पास, थाना रांझी, जबलपुर बताए।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 40 पेटी देशी शराब बरामद हुई। इनमें 35 पेटी लाल मसाला शराब और 5 पेटी प्लेन देशी शराब शामिल थी। प्रत्येक पेटी में 50-50 पाव (180 एमएल) शराब रखी हुई थी। कुल मिलाकर 2000 पाव यानी 360 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख रुपये आंकी गई।
पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार भी जब्त कर ली, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकार जब्त किए गए माल की कुल कीमत 6 लाख रुपये है।
कार्रवाई के दौरान शराब के नमूने लेकर सीलबंद किए गए तथा पूरी जब्ती प्रक्रिया की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से कराई गई। आरोपियों के पास शराब परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
कुठला थाना पुलिस मामले की विवेचना कर यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई जा रही थी और इसकी आपूर्ति किस क्षेत्र में की जानी थी।

Post a Comment