स्टेशन चौराहा शराब दुकान कांड : कट्टा लहराकर दहशत फैलाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद


 

स्टेशन चौराहा शराब दुकान कांड : कट्टा लहराकर दहशत फैलाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । स्टेशन चौराहा स्थित शराब दुकान में कर्मचारी को कट्टा दिखाकर धमकाने और क्षेत्र में दहशत का माहौल बनाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला शहरभर में चर्चा का विषय बन गया था, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

पुलिस के मुताबिक उपलब्ध साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांधीगंज निवासी गोलू सक्सेना को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया गया। उसके साथ जानू उर्फ महेंद्र चौहान तथा अंशुल भारती को भी हिरासत में लिया गया है। तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।

जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। वहीं अन्य दोनों आरोपियों के पास से धारदार चाकू जब्त किए गए हैं। हथियारों की बरामदगी के बाद मामले को और गंभीरता से देखा जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में शराब दुकान के कर्मचारी और मुख्य आरोपी के बीच किसी पुराने विवाद की जानकारी सामने आई है। हालांकि पुलिस यह भी पड़ताल कर रही है कि घटना महज डराने-धमकाने तक सीमित थी या इसके पीछे कोई सुनियोजित मंशा भी थी।

घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। फिलहाल कोतवाली पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड, हथियारों के स्रोत और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वही आरोपियों का कोतवाली पुलिस के द्वारा कटनी नगर मे जुलूस भी निकाला गया है 

Post a Comment

Previous Post Next Post