लक्ष्मी पान भंडार से कटनी साउथ स्टेशन तक जाम का झाम, सीवर कार्य ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस -:नगर निगम द्वारा कराए जा रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य ने शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रंगनाथ थाना अंतर्गत लक्ष्मी पान भंडार से कटनी साउथ स्टेशन तक मुख्य मार्ग बंद होने के कारण लोगों को भारी यातायात अव्यवस्था और घंटों जाम का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान कोई वैकल्पिक मार्ग निर्धारित नहीं किया गया, जिससे क्षेत्र में आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
मुख्य सड़क बंद होने के कारण दोपहिया वाहन चालक, ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को संकरी गलियों और कच्चे रास्तों से गुजरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मा मेडिकल के समीप स्थित कच्चे मार्ग से लेकर लक्ष्मी पान भंडार तक लोगों को धूल, मिट्टी और गड्ढों के बीच सफर करना पड़ रहा है। वहीं बड़ी संख्या में वाहन पाठक वार्ड की तंग गलियों से होकर निकल रहे हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बन रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पाठक वार्ड से कटनी साउथ स्टेशन तक कई बार दो से तीन घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। जाम में स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, कर्मचारी और मरीज भी फंसे रहे। सबसे बड़ी बात यह रही कि मौके पर न तो नगर निगम की ओर से कोई व्यवस्था दिखाई दी और न ही यातायात विभाग की ओर से यातायात सुचारू कराने के लिए पर्याप्त प्रयास किए गए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि विकास कार्यों का विरोध नहीं है, लेकिन बिना समुचित योजना और वैकल्पिक मार्ग के मुख्य सड़क बंद कर देना आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। लोगों ने नगर निगम और यातायात विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द यातायात व्यवस्था दुरुस्त कर वैकल्पिक मार्गों का उचित प्रबंधन किया जाए, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके।

Post a Comment