मोहर्रम जुलूस के दौरान युवक धारदार बका-नुमा चाकू सहित गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष कुमार । शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में मोहर्रम जुलूस के दौरान पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए एक युवक को धारदार बका-नुमा चाकू के साथ गिरफ्तार किया। भीड़भाड़ और संवेदनशील माहौल को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर किसी भी संभावित अप्रिय घटना को टाल दिया।
पुलिस के अनुसार, 27 जून की रात्रि गश्त एवं चेकिंग के दौरान मिशन चौक के पास मोहर्रम का जुलूस निकल रहा था। इसी दौरान मिशन चौक पेट्रोल पंप के सामने एक युवक दाहिने हाथ में धारदार बका-नुमा चाकू लेकर भीड़ में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन चीता-03 वाहन में तैनात आरक्षक कोमल सिंह और बृज किशोर ने राहगीर दीपक नामदेव की सहायता से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
धार्मिक जुलूस और भीड़भाड़ को देखते हुए पुलिस युवक को तत्काल कोतवाली थाना परिसर ले गई। पूछताछ में उसने अपना नाम आयुष तिवारी (19 वर्ष), पिता राकेश तिवारी, निवासी हनुमान जानकी वार्ड क्रमांक-18, प्रधानमंत्री आवास, थाना एनकेजे, कटनी बताया।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से करीब 14.10 इंच लंबा धारदार बका-नुमा चाकू बरामद हुआ, जिसकी ब्लेड लगभग 10.10 इंच लंबी और 2 इंच चौड़ी तथा मूठ 4 इंच लंबी पाई गई। पुलिस ने चाकू रखने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में चाकू जब्त किया गया तथा पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग ई-साक्ष्य के माध्यम से कराई गई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवक का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया। चूंकि अपराध जमानती श्रेणी का है और इसमें सात वर्ष से कम सजा का प्रावधान है, इसलिए आरोपी को अभिभावकों की मौजूदगी में बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर न्यायालय में उपस्थित होने के निर्देश के साथ रिहा कर दिया गया। जब्त चाकू को मालखाने में जमा करा दिया गया है।

Post a Comment