तेवरी में मौत बनकर दौड़ी रफ्तार: पिकअप की टक्कर से दो युवकों की दर्दनाक मौत
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । जिले की सड़कों पर रफ्तार का कहर लगातार जानें लील रहा है। लमतरा ओवरब्रिज के समीप हुए बस-ट्रक हादसे की टीस अभी लोगों के दिलों में ताजा ही थी कि सोमवार को एक और भीषण सड़क दुर्घटना ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। कटनी-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम तेवरी के पास तेज गति से दौड़ रही एक पिकअप ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को ऐसी टक्कर मारी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक बिलहरी चौकी क्षेत्र के ग्राम घूघरा निवासी संतोष सेन और चंदू आदिवासी सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मोटरसाइकिल क्रमांक MP 21 ZE 9048 से तेवरी की ओर जा रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग से गांव की ओर मुड़ते समय उनकी बाइक अचानक कटनी से जबलपुर दिशा में तेज रफ्तार से आ रही पिकअप वाहन क्रमांक MP 28 G 9373 की चपेट में आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक कई फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जाता है कि पिकअप वाहन युवकों को रौंदते हुए कुछ दूरी पर जाकर रुका। दुर्घटना में दोनों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही अंतिम सांस ले ली।
घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में स्लीमनाबाद थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद मृतकों के गांव घूघरा में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि क्षेत्रवासियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाह वाहन संचालन पर चिंता व्यक्त की है।
लगातार सामने आ रही दुर्घटनाएं इस बात की गवाही दे रही हैं कि सड़क सुरक्षा को लेकर अभी भी गंभीर प्रयासों की आवश्यकता है। हर हादसा अपने पीछे ऐसे जख्म छोड़ जाता है, जिन्हें भरने में वर्षों लग जाते हैं।
खबरो के लिए सम्पर्क सूत्रों :8989601972

Post a Comment