प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने किया जिला जेल का औचक निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं और मानवाधिकारों का लिया जायजा
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी - जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कटनी के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री जितेन्द्र कुमार शर्मा तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री जे.पी. चिडार द्वारा शनिवार को जिला जेल कटनी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों के मानवाधिकार, बैरकों की स्वच्छता और भोजन व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान न्यायाधीशों ने पुरुष एवं महिला बैरकों का भ्रमण कर वहां की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं वेंटिलेशन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि बैरकों में स्वच्छता बनाए रखते हुए पर्याप्त हवा और रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जेल की रसोई का निरीक्षण करते हुए बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की गई। इस दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बंदियों को शासन के नियमानुसार स्वच्छ, पौष्टिक एवं समय पर भोजन उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान न्यायाधीशों ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने यह भी जानकारी ली कि बंदियों को नियमानुसार विधिक सहायता मिल रही है या नहीं। जिन बंदियों के पास अधिवक्ता उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें तत्काल शासकीय वकील उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा जेल अस्पताल का निरीक्षण कर बीमार बंदियों के उपचार एवं दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली गई। जेल चिकित्सक को मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के अंत में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि बंदियों के सुधार एवं पुनर्वास हेतु योग, कौशल विकास और शिक्षा जैसी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं व्यवहार न्यायाधीश श्रीमती मृणालिनी सिंह, जेल अधीक्षक तथा अन्य जेल स्टाफ उपस्थित रहे।

Post a Comment