नदी पार बस्ती में फिर सुलगा गांजे का कारोबार, पुलिस की अनदेखी या संरक्षण पर उठे सवाल


 

नदी पार बस्ती में फिर सुलगा गांजे का कारोबार, पुलिस की अनदेखी या संरक्षण पर उठे सवाल

कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड पुलिस चौकी के समीप नदी पार स्थित पेट्रोल पंप के सामने की बस्ती में एक बार फिर अवैध गांजा बिक्री का कारोबार शुरू होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ माह पहले समाचार प्रकाशित होने और पुलिस कार्रवाई के बाद यह धंधा बंद हो गया था, लेकिन अब नए चौकी प्रभारी के कार्यभार संभालने के बाद नशे का यह कारोबार फिर से परवान चढ़ने लगा है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि बस्ती में खुलेआम गांजे की बिक्री की जा रही है, जहां आसपास के युवक, दिहाड़ी मजदूर और यहां तक कि कम उम्र के बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। रोजाना बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर नशे का सामान खरीद रहे हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

गौरतलब है कि पूर्व में पुलिस ने इसी क्षेत्र में कार्रवाई कर कुछ लोगों को गांजे के साथ रंगे हाथों पकड़ा था और उनके खिलाफ प्रकरण भी दर्ज किए गए थे। उस कार्रवाई के बाद अवैध कारोबार पर कुछ समय के लिए रोक लग गई थी, लेकिन अब फिर से इसके सक्रिय होने की खबरें सामने आ रही हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस स्थान की जानकारी आम नागरिकों और किशोर बच्चों तक को है, वहां संचालित हो रही कथित अवैध गतिविधियों की जानकारी स्थानीय पुलिस को कैसे नहीं है? इसे लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कई लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो नशे का यह जाल और अधिक फैल सकता है, जिसका खामियाजा समाज और युवा पीढ़ी को भुगतना पड़ेगा। अब लोगों की निगाहें कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों पर टिकी हैं कि वे इन शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेते हैं और अवैध नशे के कारोबार पर क्या कार्रवाई करते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post