रंगनाथ नगर में खूनी संघर्ष: चाकू के वार से घायल युवक ने रास्ते में तोड़ा दम, आरोपी पिता-पुत्र हिरासत में
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के मंगलनगर में रविवार दोपहर पड़ोसियों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गया। चाकू के हमले में गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय युवक ने जबलपुर मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलनगर (प्यासी सीमेंट ट्रेडर्स समीप )निवासी रमेश यादव का पड़ोसी कन्हैया गौड़ (25) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान रमेश का पुत्र रितेश यादव भी वहां पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह नशे की हालत में था और उसने कहासुनी के बीच आक्रामक रुख अपना लिया। जब कन्हैया अपने बड़े भाई का पक्ष लेने और विवाद शांत कराने पहुंचा, तभी रितेश ने घर से चाकू लाकर उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल कन्हैया खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन एंबुलेंस से उसे जबलपुर ले जा रहे थे, लेकिन स्लीमनाबाद के पास उसकी सांसें थम गईं। इसके बाद शव को वापस जिला अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही रंगनाथ नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर मुख्य आरोपी रितेश यादव तथा उसके पिता रमेश यादव को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। युवक की मौत के बाद पुलिस अब मामले में हत्या सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment