रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के मंगल नगर में चाकूबाजी, युवक की मौत; हमलावर की तलाश तेज
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । रविवार को शहर के रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगल नगर में हुई चाकूबाजी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। विवाद के बाद हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगल नगर निवासी कन्हैया गोंड (25 वर्ष) पर कथित रूप से एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
सूत्रों के अनुसार, घटना से पहले मृतक का मंगल नगर निवासी एक यादव युवक से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद आरोपी ने चाकू से हमला कर कन्हैया को लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही रंगनाथ नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Post a Comment