एमआरपी से अधिक कीमत पर शराब बिक्री का आरोप, आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :जिले में शराब दुकानों के संचालन को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। रेलवे स्टेशन क्षेत्र स्थित देसी एवं अंग्रेजी मदिरा दुकान पर निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक राशि वसूलने के आरोप सामने आए हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि 180 एमएल की मैजिक मोमेंट ऑरेंज शराब, जिस पर 220 रुपये एमआरपी अंकित है, उसे 240 रुपये में बेचा जा रहा है।
आरोप है कि स्टेशन क्षेत्र की उक्त शराब दुकान का संचालन सराय ठेकेदार अजीत प्रताप सिंह के समूह द्वारा किया जा रहा है और दुकान पर ग्राहकों से खुलेआम निर्धारित मूल्य से 20 रुपये अधिक वसूले जा रहे हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो प्रतिदिन होने वाली बिक्री के हिसाब से अतिरिक्त वसूली की राशि हजारों रुपये तक पहुंच सकती है। स्थानीय लोगों का दावा है कि सैकड़ों पाव की बिक्री के बीच यह अतिरिक्त कमाई हर महीने लाखों रुपये का आंकड़ा छू सकती है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि शराब की प्रत्येक बोतल पर सरकार द्वारा निर्धारित एमआरपी अंकित रहती है और उसी मूल्य पर बिक्री किया जाना नियमों के तहत अनिवार्य है। इसके बावजूद यदि ग्राहकों से अधिक राशि वसूली जा रही है तो यह न केवल उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि संबंधित नियमों की भी अनदेखी है।
मामले को लेकर आबकारी विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर ऐसी शिकायतों की जांच करनी चाहिए, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई सामने नहीं आई है। इससे यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि आखिर शराब दुकानों में हो रही कथित अनियमितताओं पर विभाग की निगरानी कितनी प्रभावी है।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में कटनी जिले में आबकारी अधिकारी के रूप में विभा मरकाम पदस्थ हैं। ऐसे में अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभाग इन आरोपों की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करता है या नहीं। यदि शिकायतें सही साबित होती हैं तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी तेज हो सकती है।
संपर्क सूत्र:9977535212, 8989601972

Post a Comment