कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर रचना नगर कॉलोनी में छापा मारकर घर के बाजू से अवैध रूप से उगाए जा रहे गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से गांजे के हरे पौधे जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि बस स्टैंड चौकी अंतर्गत रचना नगर कॉलोनी की गली नंबर 02 में एक युवक अपने घर के पास खाली पड़ी कब्जे की जमीन पर अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताई गई जगह पर दबिश दी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब जांच की, तो आरोपी के घर के बगल वाली जमीन पर गांजे के पेड़ लहलहाते मिले। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 726 ग्राम वजनी गांजे के हरे पौधे जड़ से उखाड़कर अपने कब्जे में ले लिए।
पुलिस ने इस मामले में मौके से आरोपी अक्षत कुमार जार (23 वर्ष), पिता आनंद कुमार जार, निवासी रचना नगर कॉलोनी, गली नंबर 02 को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 662/26, धारा 8 और 20 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद से इलाके के अन्य संदिग्ध नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Post a Comment