कलेक्ट्रेट के बाहर कांग्रेस का धरना-उपवास, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की उठाई मांग
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने के विरोध में बुधवार को जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताते हुए भाजपा सरकार पर राजनीतिक दुर्भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर एकत्रित हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने गांधीवादी परंपरा के तहत सामूहिक उपवास रखकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि विपक्षी नेताओं को चुनावी प्रक्रिया से बाहर करने का प्रयास लोकतंत्र की भावना के विपरीत है। उन्होंने राज्यसभा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग की।
जिला मुख्यालय के अलावा जिला कांग्रेस कमेटी और महिला कांग्रेस के संयुक्त नेतृत्व में जिले के विभिन्न ब्लॉक मुख्यालयों पर भी सामूहिक उपवास कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
उपवास कार्यक्रम में महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा, अजय जैसवानी, राजा जगवानी, राजेश जाटव, मौजूद अहमद, कमल पांडे, गोल्डन पांडे, अजय गोटियां, नारायण निषाद, मंगल सिंह, श्याम यादव, जीतू गुप्ता, संतोष पटेल, देवीदीन गुप्ता, रंजीत सिंह और सचिन गर्ग सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस तथा ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस मुद्दे पर न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।

Post a Comment