*जुहली मोड़ पर नेशनल हाईवे जाम करने वाले राहुल, प्रीति और मोहित समेत 30 ग्रामीणों पर मुकदमा दर्ज*
कटनी। एनकेजे थाना क्षेत्र के जुहली मोड़ (NH-43) पर नाबालिग की पिटाई के विरोध में चक्काजाम करने वाले ग्रामीणों पर अब पुलिस का कानूनी डंडा चला है। पुलिस ने कटनी-शहडोल राष्ट्रीय राजमार्ग को करीब 3 घंटे तक बाधित करने और आम जनता को परेशान करने के आरोप में 6 नामजद सहित 25 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
*कमलेश सिंह की शिकायत पर हुई एफआईआर*
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला कमलेश सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया है। पुलिस ने जुहली मोड़ पर चक्काजाम का नेतृत्व करने और हाईवे रोकने के आरोप में राहुल तिवारी, घोड़े लाल चौधरी, अभिषेक पटेल, प्रीति ठाकुर, कौशल्या ठाकुर और मोहित यादव को नामजद किया है। इसके साथ ही प्रदर्शन में शामिल 25 से 30 अन्य अज्ञात ग्रामीणों को भी सह-आरोपी बनाया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए प्रदर्शन के वीडियो और तस्वीरों की मदद ले रही है।
*क्या था पूरा मामला?*
गौरतलब है कि सोमवार शाम को जुहली गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने एनकेजे पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कटनी-शहडोल नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया था। ग्रामीणों का आरोप था कि दो पक्षों (यादव और आदिवासी समाज) के विवाद में एनकेजे थाने पहुंचे एक नाबालिग लड़के को पुलिस ने 6 घंटे तक कस्टडी में रखा और उसे निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा, जिससे वह अचेत हो गया।
आक्रोशित ग्रामीण कथित अचेत नाबालिग को बीच सड़क पर लिटाकर धरने पर बैठ गए थे और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
*3 घंटे ठप रहा था हाईवे, मझगवां टोल तक लगी थीं कतारें*
इस उग्र प्रदर्शन के कारण सोमवार शाम 7 बजे से रात 9:30 बजे तक नेशनल हाईवे पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया था। जाम इस कदर लगा कि जुहली मोड़ से लेकर मझगवां टोल नाके तक कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लग गई थीं। बाद में डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा और कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया द्वारा निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद ही ग्रामीण सड़क से हटे थे।
Post a Comment