"नए टीआई की तैनाती बेअसर? इंद्रानगर में अवैध सट्टा कारोबार पर नहीं लगी लगाम"
"खाकी के साए में सट्टा-शराब का खेल? इंद्रानगर में खुलेआम चल रहे अवैध कारोबार पर उठे सवाल"
कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । कुठला थाना क्षेत्र के इंद्रानगर में अवैध सट्टा कारोबार और कथित रूप से शराब की अवैध बिक्री को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि थाना प्रभारी के बदलने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि लंबे समय से चल रही गतिविधियों पर लगाम लगेगी, लेकिन हालात में कोई खास बदलाव दिखाई नहीं दे रहा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार इंद्रानगर की एक किराना दुकान से खुलेआम सट्टा खिलाए जाने के साथ-साथ कथित तौर पर शराब भी बेची जा रही है। लोगों का दावा है कि यहां मिलने वाली शराब कई बार अधिकृत ठेकों की तुलना में कम कीमत पर उपलब्ध कराई जाती है, जिससे आसपास के रहवासियों में नाराजगी है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि अवैध गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई का अभाव बना हुआ है। वहीं, चर्चा यह भी है कि संबंधित क्षेत्र में बिना संरक्षण के इस प्रकार के कारोबार का संचालन संभव नहीं है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
कुछ दिन पूर्व कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा के सेवानिवृत्त होने के बाद नए थाना प्रभारी अखिलेश दहिया ने पदभार संभाला है। ऐसे में नागरिकों की निगाहें अब पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि इंद्रानगर में संचालित बताए जा रहे अवैध सट्टा और शराब कारोबार के संबंध में क्या कार्रवाई की जाती है।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि आबकारी नियमों के पालन पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। अब देखना यह होगा कि शिकायतों और चर्चाओं के बीच पुलिस प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है।

Post a Comment