ठहरका डैम ने छीनी शनि सेन की जिंदगी, गहरे पानी में डूबने से मौत


 

ठहरका डैम ने छीनी शनि सेन की जिंदगी, गहरे पानी में डूबने से मौत

कटनी/आशीष चौधरी /न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस । जिले के ठहरका डैम में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां नहाने और घूमने गए एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शनि सेन पिता सोहनलाल सेन, निवासी नयागांव लखेरा (थाना रंगनाथ नगर) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार शनि सेन अपने साथियों के साथ माधवनगर थाना क्षेत्र की निवार चौकी अंतर्गत स्थित ठहरका डैम गया था। दोपहर लगभग 3:20 बजे वह बांध के गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

घटना की सूचना मृतक के साथी सूरज वर्मन पिता सूर्या वर्मन द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

माधवनगर पुलिस ने मामले में मर्ग क्रमांक 56/26 दर्ज कर धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच प्रारंभ कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post