नाली, सड़क और बदहाली से त्रस्त जनता का फूटा आक्रोश, रविदास तिराहे पर लगाया जाम, निगम पहुंचकर सुनाई पीड़ा
कटनी। शहर के इंदिरा गांधी वार्ड अंतर्गत मोहन नगर क्षेत्र में लंबे समय से बदहाल नाली व्यवस्था और जर्जर सड़क से परेशान नागरिकों का धैर्य शुक्रवार को जवाब दे गया। मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी से नाराज क्षेत्रवासियों ने मैन रोड स्थित रविदास तिराहे पर एकत्र होकर "हल्ला बोल" प्रदर्शन किया और सड़क पर बैठकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और मौके पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि वार्ड में नाली निर्माण कार्य स्वीकृत होने के बावजूद अब तक धरातल पर शुरू नहीं हो सका है। नतीजा यह है कि घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। बरसात के दिनों में समस्या और विकराल हो जाती है, जहां कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। खराब सड़क और गंदे पानी के बीच रोजाना गुजरना लोगों की मजबूरी बन चुका है।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही कुठला और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर स्थिति को संभाला और यातायात बहाल कराया। इसके बाद आक्रोशित नागरिक अपनी मांगों को लेकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे।
नगर निगम में नागरिकों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए तत्काल जल निकासी की व्यवस्था, स्वीकृत नाली निर्माण कार्य शुरू कराने और वार्ड में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। अधिकारियों द्वारा शीघ्र समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। हालांकि, लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Post a Comment