रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में युवा नर्स की संदिग्ध मौत, बंद कमरे से मिला शव


 

रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में युवा नर्स की संदिग्ध मौत, बंद कमरे से मिला शव



कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी :शहर के रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र स्थित भट्टा मोहल्ला शनिवार सुबह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब एक निजी अस्पताल में कार्यरत युवा नर्स का शव उसके किराए के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। फिलहाल मौत के कारणों पर रहस्य बना हुआ है और पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना तथा अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार मदन मोहन चौबे वार्ड के भट्टा मोहल्ला स्थित मकान में किराए से रह रही युवती को सुबह पानी भरने के लिए मकान मालिक ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर मकान मालिक को अनहोनी की आशंका हुई। खिड़की से झांककर देखा गया तो युवती कमरे के भीतर अचेत अवस्था में पड़ी दिखाई दी। इसके बाद तत्काल रंगनाथ नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बंद कमरे का दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया। जांच के दौरान युवती मृत पाई गई। मृतका की पहचान शहडोल निवासी सेजल लुनिया के रूप में हुई है, जो पिछले लगभग तीन माह से कटनी में रह रही थी और जीडी मेमोरियल अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत थी। वही सूत्रों की माने तो किसी यादव के मकान मे  युवती किराये के कमरे मे रह  रही थी 

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। कमरे और आसपास के हालात का बारीकी से परीक्षण किया गया, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। हालांकि प्रारंभिक जांच में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना संभव नहीं हो सका है।

पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को जिला अस्पताल भेज दिया है, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। अब पूरे मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि एक युवा नर्स की मौत किन परिस्थितियों में हुई। क्या यह आत्महत्या का मामला है, कोई आकस्मिक हादसा या फिर इसके पीछे कोई और वजह छिपी है? इन सवालों के जवाब आने वाले दिनों में जांच के साथ स्पष्ट हो सकेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post