लालू ढाबा में फिर बवाल: मारपीट की घटना के बाद अवैध शराबखोरी पर उठे सवाल
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । एनकेजे थाना क्षेत्र स्थित लालू ढाबा एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गया। रविवार को ढाबे में जमकर मारपीट होने की सूचना पर एनकेजे पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और ढाबे में कथित रूप से संचालित अवैध गतिविधियों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि लालू ढाबे में लंबे समय से बिना वैध लाइसेंस के शराब परोसी और पिलाई जा रही है। इसके चलते यहां आए दिन विवाद, झगड़े और मारपीट जैसी घटनाएं होती रहती हैं। रहवासियों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
सूत्रों के अनुसार रविवार को हुए विवाद के दौरान कुछ लोगों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटना में शामिल मुख्य आरोपी कथित रूप से पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ी और गंभीर वारदात भी हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से ढाबे की गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पूरे मामले में यह भी चर्चा है कि पुलिस घटना और ढाबे में संचालित कथित अवैध शराबखोरी के पहलू को गंभीरता से लेने के बजाय मामले को सीमित दायरे में रखने का प्रयास कर रही है। हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन लालू ढाबे में संचालित गतिविधियों की जांच कर ठोस कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी अन्य घटनाओं की तरह समय के साथ ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

Post a Comment