*ट्रेनों में अवैध वसूली करने वाले कटनी के गायत्री नगर के 4 किन्नर जबलपुर में गिरफ्तार, RPF की बड़ी कार्रवाई*
*कटनी से जबलपुर - नरसिंहपुर के बीच ट्रेनों में फैला रखा था नेटवर्क; यात्रियों से अभद्रता करने पर रेलवे एक्ट में मामला दर्ज*
कटनी/जबलपुर/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस :-
कटनी से रोजाना ट्रेनों में सफर कर जबलपुर और नरसिंहपुर रूट पर यात्रियों से जबरन वसूली करने वाले एक गिरोह का रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने भंडाफोड़ किया है। जबलपुर रेल मंडल में यात्रियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कटनी के गायत्री नगर निवासी 4 किन्नरों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
*कटनी छोर (प्लेटफॉर्म नंबर-6) पर दबोचे गए आरोपी*
मामले का खुलासा तब हुआ जब आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब के निर्देशन में उप निरीक्षक प्रवीण कुमार, प्रधान आरक्षक प्रेम सिंह और आरक्षक हरिकेश दुबे की टीम ने स्टेशनों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान जबलपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर 'कटनी छोर' की तरफ यह गिरोह यात्रियों को डरा-धमकाकर पैसे वसूल रहा था। टीम ने घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया। इनके पास से यात्रियों से वसूली गई नकदी भी बरामद की गई है।
*गायत्री नगर के 'हेमा किन्नर' गिरोह से जुड़े हैं तार*
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पकड़े गए सभी आरोपी मूल रूप से कटनी जिले के गायत्री नगर के रहने वाले हैं।
इन्होंने कुबूल किया कि ये गायत्री नगर की हेमा किन्नर के चेले हैं।
इनका रोजाना का रूट कटनी से शुरू होता था। ये कटनी से ट्रेन पकड़कर जबलपुर, नरसिंहपुर और पिपरिया तक जाते थे।
ट्रेनों में यात्रियों से जबरन पैसे मांगना, मना करने पर अश्लील हरकतें व अभद्रता करना और विवाद होने पर हाथापाई पर उतारू हो जाना इनका मुख्य पेशा बन चुका था।
*कटनी के ये आरोपी हुए गिरफ्तार:*
* लीजा (22 वर्ष, निवासी- गायत्री नगर, कटनी)
* नैंसी (23 वर्ष, निवासी- गायत्री नगर, कटनी)
* तानिया (27 वर्ष, निवासी- गायत्री नगर, कटनी)
* रीना (26 वर्ष, निवासी- गायत्री नगर, कटनी)
*कटनी और आस-पास के रूटों पर रहेगी पैनी नजर:*
आरपीएफ ने चारों आरोपियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 145 और 147 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। रेलवे पुलिस का कहना है कि कटनी और जबलपुर रेल खंड पर यात्रियों को परेशान करने वाले ऐसे असामाजिक तत्वों और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी कड़ाई से जारी रहेगा ताकि यात्री निर्भीक होकर सफर कर सकें।

Post a Comment