ट्रक मिला तो ट्रैक्टर चोरी, ट्रैक्टर बरामद हुआ तो दुकान में 80 हजार की सेंध; कुठला में चोरों का आतंक बरकरार
*4.50 लाख का सोनालिका ट्रैक्टर बरामद, कुठला पुलिस ने आरोपी प्रिंस सिंह सोमवंशी को भेजा जेल*
कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष चौधरी । शहर में वाहन चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालात ऐसे हैं कि एक चोरी का खुलासा होता है तो दूसरी वारदात सामने आ जाती है।कुठला थाना अंतर्गत पहले चोरी हुआ ट्रक बरामद हुआ, फिर ट्रैक्टर चोरी हो गया। अब पुलिस ने ट्रैक्टर बरामद कर लिया तो नानक मशीन स्टोर ( दुकान) को चोरों ने फिर निशाना बनाते हुए करीब 80 हजार रुपये की चोरी कर डाली। लगातार हो रही वारदातों ने कुठला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसी बीच कुठला पुलिस ने 17 जुलाई 2026 को ट्रैक्टर चोरी के मामले में सफलता हासिल करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, नवनीत गुप्ता (45), निवासी कैलवारा फाटक रामनगर, जो पहरुआ स्थित गुप्ता कृषि यंत्र के संचालक हैं, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी दुकान के सामने खड़ा सोनालिका कंपनी का ट्रैक्टर (क्रमांक MP34A1943), जिसमें हाइड्रा लगा हुआ था और जिसकी कीमत करीब 4.50 लाख रुपये है, 14 जुलाई की रात अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।
रिपोर्ट पर थाना कुठला में अपराध क्रमांक 604/26 धारा 305(बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने टीम गठित की। मुखबिर तंत्र, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने प्रिंस सिंह सोमवंशी (20) निवासी समोघर, थाना रामपुर बघेलान, जिला सतना को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी जरुरत पूरी करने के लिए ट्रैक्टर चोरी कर ले गया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मैहर स्थित सोनालिका एजेंसी के पास से चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर जब्त कर लिया। वाहन की पहचान फरियादी एवं साक्षियों द्वारा की गई।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
हालांकि, ट्रैक्टर बरामद होने की खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। नानक स्टोर (दुकान )में करीब 80 हजार रुपये की चोरी की नई घटना सामने आने से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत है। लगातार हो रही चोरियों ने कुठला पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
खबरों के लिए सम्पर्क करे :8989601972

Post a Comment