बरगवां का अवैध अहाता सवालों के घेरे में, कार्रवाई कब होगी? नियमों को चुनौती देता अवैध अहाता, जिम्मेदारों की चुप्पी चर्चा में

बरगवां का  अवैध अहाता सवालों के घेरे में, कार्रवाई कब होगी?


 नियमों को चुनौती देता  अवैध अहाता, जिम्मेदारों की चुप्पी चर्चा में



कटनी/न्यूज़ एम पी एक्सप्रेस /आशीष कुमार । रंगनाथ थाना क्षेत्र के बरगवां स्थित शराब दुकान के समीप संचालित एक अवैध अहाते और चखना दुकान को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यहां लंबे समय से खुलेआम शराब पिलाई जा रही है, जबकि नियमानुसार बिना वैध अनुमति इस प्रकार का संचालन प्रतिबंधित है।

रहवासियों का कहना है कि जिले के अन्य क्षेत्रों में पुलिस ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज करती है, लेकिन बरगवां में कथित रूप से संचालित इस अहाते पर महीनों से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि आखिर इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह स्थान मुख्य मार्ग पर स्थित है, जहां से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का भी आवागमन होता है। ऐसे में यदि यहां नियमों के विपरीत गतिविधियां संचालित हो रही हैं, तो क्या संबंधित विभाग इससे अनभिज्ञ है, या फिर शिकायतों के बावजूद इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा?

स्थानीय लोगों का आरोप है कि  अवैध संचालन के चलते दिनभर शराब पीने वालों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आसपास का माहौल प्रभावित होता है। महिलाओं, युवतियों और आम राहगीरों को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। नागरिकों ने यह भी बताया कि इसी स्थान के आसपास कुछ माह पूर्व एक गंभीर आपराधिक घटना भी हो चुकी है, लेकिन उसके बाद भी कथित अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया।

क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में अवैध अहाता या चखना दुकान संचालित होना पाया जाता है, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ऐसे संचालन को तत्काल बंद कराया जाए


.





खबर के लिए सम्पर्क करे :8989601972

Post a Comment

Previous Post Next Post